हर्षोल्लास से निकाली गईं भव्य झांकियां, बाइक रैली, जगह जगह हुए भंडारे
वीडियो खबर देखने के लिए लिंक को टच करें
हाथरस। अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हाथरस जिले में जगह-जगह शोभा यात्रा निकाली गई हैं। जनपद भर के मंदिरो पर स्वच्छता अभियान के साथ ही भव्यता से सजावट व धार्मिक आयोजन हुए हैं। जहां एक और अयोध्या में भारी हर्षोल्लास के साथ नगरी को सजाया गया है उसी प्रकार हाथरस जनपद के सिकन्दराराव क्षेत्र में भी जगह-जगह लोगो के द्वारा अपने आसपास के क्षेत्र को प्रकाश व भगवा झंडा से घरों व गलियों को सजाया गया हैं।
मर्यादा पुरुषोत्तम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की महाबेला में सिकंदराराव में ग़ज़ब का उत्साह देखने को मिला। नगर में जगह जगह मंदिरों देवालयों पर विशेष साज सज्जा से पूरा नगर अयोध्या धाम के साथ साथ राममय नजर आ रहा था। मन्दिरों पर भारी संख्या में भक्त भजन, कीर्तन, पूजा पाठ करके खुशी मनाते नहीं थक रहे थे। वही पुलिस प्रशासन ने भी बहुत ही चाक चौबंद सुरक्षा इंतजाम किये, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर यहां प्रत्येक मंदिर पर आयोजन चलते रहे।
मोहल्ला रोशनगंज मे नीलकंठ महादेव मंदिर पर भट्टा स्वामी पंकज दीक्षित एवं समाजसेवी युवा व्यापारी आकाश दीक्षित के द्वारा संगीतमय सुन्दरकाण्ड का आयोजन कराया गया। सुंदरकांड के पश्चात भजन कीर्तन से पूरा महौल राममय हो गया। उसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। नगर से सेंकड़ों लोग कार्यक्रम में शामिल हो भगवान की भक्ति में डूबे।
इसके साथ ही मोहल्ला रोशनगंज में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल ने विशाल भंडारे का आयोजन किया। भंडारे में शहर और देहात के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंच कर प्रसाद ग्रहण किया और जय श्रीराम के नारे लगाए। शाम को सभी व्यापारी भाईयों ने अपने अपने प्रतिस्ठानों पर घी के दीपक जलाए और आतिशबाजी की। इधर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के द्वारा बाज़ार में बूंदी प्रसादी का वितरण किया गया। जिसकी शुरुआत उपजिलाधिकारी वेद सिंह चौहान तथा व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने आरती उतारकर की।
वहीं मौहल्ला मटकोटा पुरानी तहसील रोड स्थित मां ब्रजेश्वरी काली मंदिर से श्रीराम दरबार व काली मां की झांकी एवं डोला जय श्रीराम के जयघोष के साथ नगर में हर्षोल्लास के साथ भ्रमण कर निकाला गया।
इसके साथ ही देहात क्षेत्रों में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की खूब धूम रही। गांव चिरायल से हाथों में भगवा ध्वज लेकर जय श्रीराम के जयघोषों के साथ बाइक रैली निकाली गई जो गांव मऊ, मानिकपुर, कपसिया, कासिमपुर, मुबारिकपुर आदि गांवों से होकर गुजरी। रैली का जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इसके साथ ही गांव कपसिया स्थित मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया। शाम को मंदिर में महिलाओं ने भजन, कीर्तन आदि धार्मिक आयोजन किए।
राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर महिला एवं पुरुषों में ही नहीं बल्कि छोटे-छोटे बच्चों में भी अपार उत्साह दिखाई दिया। बच्चों ने भगवान राम का बाल स्वरूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। कचोरा स्थित गांव नगला सरदार में राज आयुर्वैदिक फार्मेसी में मौजूद मंदिर पर हुए कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों द्वारा भगवान राम के बाल रूप को धारण करके मनमोहक लीलाएं की गईं। जिन्हें देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख दवा व्यवसायी देवेंद्र राघव ने भगवान राम की पूजा अर्चना करके किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान के बाल स्वरूप की आरती उतारी तथा प्रसादी का वितरण किया।
इसी क्रम में हसायन विकासखंड के ग्राम पंचायत जरेरा स्थित नारायण धाम मंदिर से मनमोहक श्रीराम जी के स्वरूपों के साथ भव्य तरीके से आधा दर्जन झांकियां निकाली गई।
इसके साथ ही गांव नगला सकत में आतिशबाजी एवं बैंड बाजों के साथ संकीर्तन यात्रा हर्ष और उल्लास के साथ निकाली गई। जिसमें गांव के लोगों ने पुष्प वर्षा कर जगह जगह पूजन किया। शोभायात्रा में ग्राम के महिला पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।
वहीं पुरदिल नगर में राम भक्तों के द्वारा रामदूत संकल्प सिद्ध बाइक यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ो की संख्या में राम भक्त शामिल रहे। जिनके द्वारा लगाए जा रहे श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजायमान होता रहा। पूरे जिले में जगह जगह पर लोगों के द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया वहीं शाम होते ही लोगों के द्वारा अपने घरों पर दिए तथा मोमबत्तियां जलाकर दीपावली जैसा उत्सव मनाया गया। बच्चो ने खुशी और उत्साह के साथ फुलझड़ी, पटाखे आदि आतिशबाजी चलाकर जश्न मनाया।

एक टिप्पणी भेजें
जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।