उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस रिफिल उपलब्ध कराये जाने के दृष्टिगत आयोजित की गई बैठक

हाथरस। त्यौहारी सीजन में शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी अर्चना वर्मा द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में समस्त उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 02 (दो) बार निःशुल्क गैस रिफिल उपलब्ध कराये जाने के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 डा0 बसंत अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। 

अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने समस्त पूर्ति निरीक्षकों को संबंधित उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर तहसील स्तर पर बैंकर्स, व्लाक स्तरीय अधिकारियों, गैस ऐजेंसी संचालाको, ग्राम प्रधानों आदि के साथ बैठक कर पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस रिफिल की उपलब्धता शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारी तथा समस्त पूर्ति निरीक्षकों को समय-समय पर गैस ऐजेंसियों का निरीक्षण कर ई-के0वाई0सी0 की प्रगति की जाँच करते हुए प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ ही गैस वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो के लिये पूर्व में ही व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एलडीएम को बैंकर्स को निर्देशित करने के निर्देश दिए कि छूटे हुए लाभार्थियों की ई-के0वाई0सी0 कराने के निर्देश दिए। जिससे कि लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिल सके।


जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी दते हुए बताया कि त्यौहारी सीजन में शासन के निर्देशानुसार समस्त उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 02 (दो) बार निःशुल्क गैस रिफिल उपलब्ध कराये जायेंगे। पहला चरण 01 नवम्बर 2023 से 31 दिसम्बर 2023 में दीपावली का तथा दूसरे चरण 01 जनवरी 2024 से 31 मार्च 2024 में होली का रिफिल निःशुल्क मिलेगा। जनपद में उज्ज्वला योजना के कुल 167707 लाभार्थी हैं। समस्त लाभार्थियों को निःशुल्क रिफिल प्राप्त होगा, परन्तु पहले उन्हें पूरा पेमेंट करके गैस एजेन्सी से रिफिल प्राप्त करनी होगी उसके बाद 4-5 दिन में उनके बैंक खाते में संबंधित कम्पनी द्वारा रिफिल की धनराशि वापस कर दी जायेगी। इस योजना में सर्वप्रथम उज्ज्वला योजना के वे लाभार्थी शामिल होंगे, जिनका आधार उनके बैंक खाते से पी0एफ0एम0एस0 के लिए लिंक हो गया है और उनका डाटा खाद्य तथा रसद विभाग के राशनकार्ड (आर0सी0एम0एस0) से सत्यापित हो चुका है। अन्य वे लाभार्थी जिनका बैंक खाता पी0एफ0एम0एस0 से लिंक हो गया है, उनको अपनी गैस एजेन्सी पर जाकर अपने आधार कैश ट्रांसफर कम्पलाइंट (ए0सी0टी0सी0) की ई-के0वाई0सी0 कराना होगा। यह ई-के0वाई0सी0 लाभार्थी के आधारकार्ड से जुड़े मोबाईल नम्बर पर प्राप्त ओ0टी0पी0 के माध्यम से, अँगूठा प्रमाणीकरण के माध्यम से अथवा गैस कनैक्शन की कन्ज्यूमर आई0डी0 के माध्यम होगी। इसके अतिरिक्त वे लाभार्थी, जिन्हें बी0सी0टी0सी0 के माध्यम से उनके बैंक खाते में गैस सब्सिडी जा रही है, उनको अपनी संबंधित बैंक में जाकर अपने बी0सी0टी0सी0 बैंक खाते को ए0सी0टी0सी0(आधार कैश ट्रांस्फर कम्पलाइंट) में खाता चेंज कराना होगा। उसके बाद वे अपनी गैस एजेंसी पर ई-के0वाई0सी0 कर आर0सी0एम0एस0 डाटा से सत्यापित करायेंगे तदोपरान्त वह अपने उज्ज्वला गैस कनेक्शन पर निःशुल्क रिफिल प्राप्त करने हेतु पात्र होगें। समस्त आधार सत्यापित उज्ज्वला गैस कनेक्शन लाभार्थियों को उनके आधारकार्ड से लिंक मोबाईल नम्बर पर भी उज्ज्वला योजना के निःशुल्क रिफिल प्राप्त करने संबंधी एस0एम0एस0 भेजा जायेगा। लाभार्थी इस एस0एम0एस0 को गैस एजेन्सी पर दिखाकर भी अपना निःशुल्क गैस रिफिल प्राप्त कर सकते हैं।


 

अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ने जिला समन्वयक (एल0पी0जी0), जनपद-हाथरस से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के संबंध में जानकारी की। जिला समन्वयक (एल0पी0जी0) ने अवगत कराया कि जनपद में 167000 उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं, जिनमें से 35 प्रतिशत लाभार्थियों का डाटा पूर्ण हैं, जिनको इस योजना का लाभ तत्काल मिल जायेगा। अन्य 65 प्रतिशत लाभार्थियों में वे लाभार्थी हैं, जिनका ए0सी0टी0एस0 अभी पूर्ण नहीं हुआ है। बैठक में उपस्थित गैस एजेन्सी संचालकों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके द्वारा लगभग 70 प्रतिशत लाभार्थियों का डाटा एकत्र कर बैंक में उपलब्ध करा दिया गया है, परन्तु अभी तक बैंकों द्वारा उस डाटा की शत-प्रतिशत फीडिंग नहीं की गयी है। जिसपर अपर जिलाधिकारी एल0डी0एम0, हाथरस को निर्देशित किया गया कि समस्त बैंको के शाखा प्रबन्धकों को अपने स्तर से कड़ाई के साथ निर्देशित करें कि यदि उनके पास उज्ज्वला योजना से संबंधित कोई डाटा बैंक में आता है तो तत्काल 02 दिवस के अन्दर उसे फीड करें तथा बैंक में यदि कोई उपभोक्ता स्वयं अपना डाटा लेकर फीड कराने आता है, तो उसका कार्य तुरन्त किया जाये। उपभोक्ताओं को बार-बार बैंकों के चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि अगले 02 दिनों के अन्दर सभी तहसील पर उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इसके संबंध में बैठक भी आहूत की जाये, जिसमें जिला पूर्ति अधिकारी, एल0डी0एम0, क्षेत्रीय बैंकों के शाखा प्रबन्धक, पूर्ति निरीक्षक और गैस एजेन्सियों के संचालक भी उपस्थित रहें। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि पूर्ति निरीक्षक अपनी तहसील के उप जिलाधिकारी से समन्वय कर इस कार्य को पूर्ण करायें तथा उप जिलाधिकारी को अपने क्षेत्र में संचालित गैस एजेन्सियों पर लगातार भ्रमण करते हुए इस संबंध में गैस एजेन्सियों के स्तर से की जाने वाली कार्यवाही का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। 

बैठक में उपस्थित एल0डी0एम0 द्वारा अवगत कराया गया कि गैस एजेन्सियों द्वारा जो डाटा फीडिंग हेतु बैंकों में जमा किया जाये, उसपर ग्राहक के वही हस्ताक्षर करायें, जोकि ग्राहक द्वारा अपना बैंक खाता खोलने से पूर्व बैंक खाता ऑपनिंग फॉर्म पर किये हों। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ने सभी पूति निरीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि गैस एजेन्सियों से डाटा प्राप्त करते हुए अपने कवरिंग लेटर के साथ संबंधित शाखा प्रबन्धक को डाटा फीडिंग हेतु उपलब्ध करायें। 

अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ने वरिष्ठ निरीक्षक, बाट माप विभाग, हाथरस को निर्देशित किया कि प्रतिदिन गैस एजेन्सियों पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करें कि लाभार्थियों को पूरी मात्रा में गैस प्राप्त हो रही है अथवा नहीं। यदि किसी गैस एजेन्सी पर घटतौली की शिकायत मिलती है तो तत्काल उसपर नियमानुसार कार्यवाही करें तथा प्रतिदिन निरीक्षण की सूचना जिला पूर्ति कार्यालय, हाथरस को उपलब्ध करायें कि कितनी गैस एजेन्सियों का निरीक्षण किया गया, कितने पर घटतौली पायी गयी और घटतौली पर क्या कार्यवाही की गयी। किसी भी दशा में घटतौली न होने पाये। उन्होंने जिला समन्वयक (एल0पी0जी0), जनपद-हाथरस को निर्देशित किया कि प्रत्येक गैस एजेन्सी पर ई-के0वाई0सी0 हेतु मशीनें तत्काल उपलब्ध करायें। उक्त योजना के प्रचार-प्रसार हेतु गैस एजेन्सियों के डिलीवरी वाहनों पर बैनर, फ्लैक्सी और लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया जाये तथा प्रतिदिन कितने लाभार्थी उक्त योजना हेतु पात्र हो गये हैं और कितनों को निःशुल्क रिफिल प्राप्त करा दिया गया है तथा कितने लाभार्थियों के बैंक खातों में रिफिल की धनराशि वापस अंतरित हो गयी है, की सूचना जिला पूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया कि उक्त योजना के प्रचार-प्रसार हेतु समस्त ग्राम प्रधानों को योजना से अवगत कराते हुए उन्हें निर्देश दिये जायें कि वह अपनी-अपनी ग्राम पंचायत के निवासियों को पंचायत घर में बैठक आहूत करके इस योजना के बारे में अवगत करायें।

अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) जिला पूर्ति अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि उक्त योजना के प्रचार-प्रसार हेतु समस्त उचित दर दुकानों पर बैनर/फ्लैक्सी लगवाई जाये, जिससे अधिकतर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को शासन द्वारा दिए जा रहे दोनों निःशुल्क रिफिल प्राप्त हो सकें।

जिला समन्वयक (एल0पी0जी0) ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को अवगत कराया कि ऐसे पात्र व्यक्ति जो उज्ज्वला योजना हेतु पात्र हैं और उनको अभी तक उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन जारी नहीं हुआ है वे लोग अपने राशनकार्ड की फोटोकॉपी ले जाकर अपने पास की गैस एजेन्सी पर निःशुल्क गैस कनेक्शन करा सकते है, परन्तु एक राशनकार्ड पर एक ही उज्ज्वला योजना का कनेक्शन मिलेगा।

अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं गैस एजेन्सी संचालकों को निर्देशित किया कि उक्त कार्य शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में से है। उक्त योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले इसके लिए प्रत्येक स्तर पर अविलम्ब कार्यवाही की जाये। कोई भी पात्र लाभार्थी उक्त योजना से वंचित न रहने पाये इसके लिए सभी लोग एक टीमवर्क की तरह कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी अधिकारी/कर्मचारी की लापरवाही पायी जाती है तो उस पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

बैठक के दौरान समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट द्वितीय, एल0डी0एम0, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, जिला समन्वयक, बाट माप निरीक्षक तथा गैस ऐजेंसी प्रभारी आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने
Post ADS 1