Top News

हाथरस- शौचालय निर्माण सर्वे के नाम पर अवैध वसूली से भड़के लोग, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

हाथरस। नगर पालिका के कुछ कर्मियों द्वारा शौचालय निर्माण के नाम पर अवैध वसूली किये जाने व बालापट्टी क्षेत्र में व्याप्त भारी गन्दगी व जलभराव को लेकर कलेक्ट्रेट पर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी कर कार्यवाही की मांग की।
नगर पालिका क्षेत्र के बालापट्टी के सैकडों महिलायें व लोग आज कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे लेकिन उन्हें डीएम नहीं मिले तो वह अपर जिलाधिकारी से मिलने पहुंच गये तथा महिलाओं व लोगों ने एडीएम से शिकायत करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है और जिन घरों में शौचालय नहीं है वहां पर सरकार द्वारा शौचालय बनवाये जा रहे हैं लेकिन नगर पालिका के कुछ कर्मचारी शौचालय निर्माण हेतु सर्वे के नाम पर 5-5 सौ रूपये की अवैध उगाही कर रहे हैं।
महिलाओं व लोगों ने एडीएम से नगर पालिका प्रशासन द्वारा बालापट्टी क्षेत्र की अनदेखी का भी आरोप लगाया और कहा कि पूरे क्षेत्र में जहां गन्दगी का साम्राज्य है वहीं जलभराव से जीना मुहाल है और संक्रामक रोगों की चपेट में लोग आ रहे हैं लेकिन पालिका प्रशासन द्वारा कोई इंतजाम नहीं किये गये हैं।
लोगों ने एडीएम से मांग की कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त कराकर जलभराव की समस्या से निजात दिलायी जाये तथा शौचालय के सर्वे के नाम पर वसूली करने वाले कर्मियों पर सख्त कार्यवाही की जाये।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने