Top News

लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मंच पर अखिल भारतीय विशाल कवि सम्मेलन आज रात, बिजनौर व भोपाल सहित अन्य जनपदों कवियों की होगी बौछार

हाथरस। ब्रज के अनूठे लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मंच पर दैनिक जागरण के संयोजन में होने वाला अखिल भारतीय कवि सम्मेलन इस बार फिर इतिहास रचेगा। यह आयोजन आज 18 सितंबर को होगा, जिस दिन रस के नगर इस हाथरस में हास्य सम्राट पद्मश्री काका हाथरसी ने जन्म लिया था और इसी दिन दुनिया को कहा था अलविदा।
आज ‘काका-निर्भय’ (आशु कवि बाबा निर्भयानंद) की स्मृति में होने वाले इस भव्य आयोजन में रात आठ बजे से भोर तक हास्य की बौछार, गीत की फुहार व ओज की हुंकार का लुत्फ उठाएंगे दूर-दराज से आने वाले हजारों श्रोता, जिन्हें पूरे वर्ष कवियों की नगरी में होने वाले इस आयोजन का रहता है इंतजार। आयोजन को भव्य-दिव्य बनाने के लिए देश भर से दर्जन भर प्रख्यात कवियों का आना तय हो चुका है।
‘मैं भारत का संविधान हूं, लालकिले से बोल रहा हूं.’ सरीखी तमाम ओज की कविताओं से देश-विदेश में धूम मचाने वाले प्रख्यात कवि डॉ. हरिओम पवार इस आयोजन को अभूतपूर्व बनाने के लिए दाऊजी मेले के मंच पर 18 सिंतबर, रविवार की रात आठ बजे से ही मौजूद रहेंगे। वीर रस के ही प्रख्यात ओज कवि वेदव्रत वाजपेयी लखनऊ से पधारेंगे। गीत, गजल और शेर-ओ शायरी से मंच पर समां बांधने के लिए दिल्ली से अना देहलवी आ रही हैं। गीत-गंगा को प्रवाहित करने के लिए मध्य प्रदेश के सतना से मणिमाला पधारेंगी। अपनी काव्य रचनाओं से उमड़ते श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करने के लिए श्यौपुर से मांगीलाल मरमिट आ रहे हैं।
काका की नगरी के प्रख्यात श्रोताओं को लोट-पोट करने के लिए छह हास्य कवियों की टीम इस ऐतिहासिक मंच और अनूठे आयोजन में एक साथ दिखेगी, जिनमें शामिल हैं टूंडला के लटूरी सिंह लट्ठ, बिजनौर के हुक्का बिजनौरी, भोपाल के धूमकेतु, पन्ना के डॉ. सुरेश पराग और अपने ही शहर के प्रदीप पंडित व देश भर में अपनी पैरोडियों के जरिए प्रख्यात हुए पद्म अलबेला।
कुल मिलाकर दैनिक जागरण के संयोजन में होने वाला यह कवि-उत्सव भी अनूठा, ऐतिहासिक व अभूतपूर्व होगा। अब संयोजन टीम ने तो कर दिया है अपने दायित्व का निर्वहन, बस.. इंतजार है आपका। जरूर आइये परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ। फिर, पूरी रात लगाइये गीत, हास्य और ओज की त्रिवेणी में गोते।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने