Top News

हाथरस/सादाबाद- गांव बेदई मोड पर बाइक सवार बदमाशों ने साथी शिक्षक के साथ बाइक पर सवार होकर स्कूल आ रही शिक्षिका से दिनदहाड़े पौने 2 लाख लूटे

हाथरस/सादाबाद। अपने साथी शिक्षक के साथ ड्यूटी पर आ रही बाइक सवार शिक्षिका से आज सुबह दिनदहाडे बाइक सवार अज्ञात बदमाश पौने दो लाख रूपये की नगदी सहित बैग को लूटकर ले गये और शिक्षिका को गिरा देने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गई।
बताया जाता है आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र के कचैरा घाट निवासी श्रीमती रिंकी पत्नी हरीशचन्द्र कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरसण्डा स्थित एक विद्यालय में शिक्षिका है और वह रोजाना की तरह आज भी अपने एक साथी शिक्षक के साथ बाइक पर सवार होकर स्कूल आ रही थी तभी रास्ते में गांव बेदई मोड पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें धक्का मारकर बाइक से गिरा दिया जिससे शिक्षिका व शिक्षक गम्भीर रूप से घायल हो गये और बदमाश उसके हाथ से नोटों से भरे बैग को छीनकर ले गये। बताया जाता है बैग में करीब पौने दो लाख की नगदी व दो मोबाइल रखे थे जिन्हें बदमाश लूट ले गये।
घटना की खबर से भारी हडकम्प व अफरा तफरी मच गई और सूचना पाकर तत्काल अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, सीओ सुधीर कुमार त्यागी व कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह आदि पहुंच गये और घटना की छानवीन की करते हुए अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जाता है उक्त बैग में एक लाख 65 हजार की नगदी पुराने नोटों की थी जबकि 10 हजार की नगदी नई रखी हुई थी। घटना की रिपोर्ट अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में दर्ज करा दी गई है।
उक्त सम्बंध में अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने बताया कि शिक्षिका श्रीमती रिंकी मूलरूप से भरतपुर की रहने वाली है और वह यहां कुरसण्डा में शिक्षिका हैं तथा वह एक लाख 65 हजार की नगदी भरतपुर से लेकर आयी थीं जो कि उन्हें अपने मायके आगरा देनी थी और वह आज ही भरतपुर से पैसे लेकर सीधे डयूटी पर आ रही थीं और लौटते में उन्हें यह रकम आगरा अपने मायके देनी थी। उन्होंने बताया घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की छानवीन शुरू कर दी है।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने