Top News

हाथरस- महिला की मौत पर मानवता हुई तार-तार, बच्चे को जन्म देने के बाद प्रसूता की उपचार के अभाव से मौत, शव को स्टेचर आदि पर रखने की बजाय अस्पताल के गेट पर जमीन पर डाला

हाथरस। बागला सिविल संयुक्त जिला अस्पताल के महिला अस्पताल में लापरवाही व मानवता को तार-तार कर देने वाली घटनायें अभी थमने का नाम नहीं ले रही हैं और शनिवार को भी आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से जहां एक प्रसूता की मौत हो गई वहीं उसके शव को बेकद्री से अस्पताल के गेट पर डाल दिया। मौके पर लोगों व महिलाओं की भारी भीड़ लग गई।
कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव बांधनू निवासी अंकित की करीब 20 वर्षीय पत्नी श्रीमती ब्रजेश को आज प्रसव पीड़ा होने पर उसके परिजनों द्वारा उसे कस्बा सासनी स्थित सीएचसी लाया गया जहां पर उसने एक स्वस्थ शिशु पुत्र को जन्म दिया लेकिन प्रसव उपरान्त उसकी हालत बिगड़ने लगी और अस्पताल द्वारा महिला को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल स्थित महिला अस्पताल में रैफर किया गया तो परिजन उसे यहां लेकर आये।
बताया जाता है कि महिला अस्पताल में काफी देर तक महिला को किसी डाक्टर या नर्सिग स्टाफ ने नहीं देखा और उसका उपचार जब तक शुरू होता तब उसकी मौत हो गई। लेकिन महिला अस्पताल में हद तो तब हो गई जब मानवता को तार-तार करते हुये मृतका के शव को स्टेचर आदि पर रखने की बजाय अस्पताल गेट पर जमीन पर ही डाल दिया गया। मृतका की सास श्रीमती दया का आरोप है कि सासनी डिलीवरी के वक्त बहू ठीक थी लेकिन यहां भेजने पर किसी ने उसकी सुनवाई नहीं की और बहू की मौत हो गई। घटना से परिजनों में जहां कोहराम मच गया है वहीं किसी स्वास्थ्य विभाग अधिकारी द्वारा ध्यान नहीं देने पर परिजन शव को लेकर गांव चले गये थे। जहां महिला की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ था।

Post a Comment

जयहिंद मीडिया नेटवर्क में अपनी बात रखने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद।

और नया पुराने